सारनाथ थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला। उसके कपड़ों पर खून के निशान थे। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, छात्रा का परिवार सारनाथ क्षेत्र में रहता है और उसके पिता चंदौली में सिपाही के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि छात्रा बुधवार सुबह करीब नौ बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान करीब साढ़े 11 बजे एक बिजली मिस्त्री ने नर्सिंग कॉलेज के पास स्थित बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर छात्रा को अचेत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। छात्रा के बैग की तलाशी के दौरान गर्भपात संबंधी दवाएं बरामद हुई हैं। प्रारंभिक आशंका है कि दवा सेवन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हुई हो, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा का मोबाइल फोन गायब है। कॉल करने पर फोन स्विच ऑफ बता रहा है। वहीं, छात्रा के साथ पढ़ने वाला जौनपुर निवासी एक युवक, जो संबंधित बॉयज हॉस्टल में रहता है, घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।सारनाथ पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मौत मानते हुए जांच जारी है।


