वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित मिंट हाउस इलाके में संचालित बताए जा रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वहां से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को ताश की गड्डियां, कैश काउंटिंग मशीन तथा बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन मिले हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित जुए के अड्डे का संचालन कौन कर रहा था, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी और यहां कितने समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
