हॉकी उपकप्तान हार्दिक सिंह को मिलेगा 2025 का मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड

भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। चयन समिति ने उनके नाम की एकमात्र सिफारिश की है, जिससे वे इस वर्ष इस सर्वोच्च खेल सम्मान के इकलौते दावेदार बन गए हैं।27 वर्षीय हार्दिक सिंह भारतीय हॉकी के मजबूत स्तंभ रहे हैं। वे टोक्यो ओलिंपिक 2021 और पेरिस ओलिंपिक 2024 में पदक जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा थे। 

इसके अलावा इस वर्ष आयोजित एशिया कप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए चयन समिति ने उन्हें खेल रत्न के लिए उपयुक्त माना है। चयन समिति की बैठक में अर्जुन पुरस्कार के लिए भी खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई। इस समिति में भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) के उपाध्यक्ष गगन नारंग, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट और पूर्व हॉकी खिलाड़ी एम.एम. सोमैया शामिल थे।

समिति ने शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर सहित कुल 24 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना है।खास बात यह रही कि इस वर्ष खेल पुरस्कारों की सूची में किसी भी क्रिकेटर का नाम शामिल नहीं है।गौरतलब है कि चयन समिति द्वारा सिफारिश किए गए नामों के आधार पर ही पुरस्कार देने का प्रस्ताव तैयार किया जाता है। हालांकि, अंतिम निर्णय केंद्र सरकार और खेल मंत्रालय द्वारा लिया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर सरकार सूची में नाम जोड़ने या हटाने का अधिकार भी रखती है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post