मुरादाबाद में हुए भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र को दहला दिया। रोडवेज बस और सवारियों से भरे टेम्पो की जोरदार टक्कर में परिवार की तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि हाईवे पर करीब 40 मीटर तक शव बिखरे पड़े थे।इसी दौरान मौके से गुजर रहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन मेजर खुशबू पाटनी ने इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि एम्बुलेंस करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची, जिसके कारण कई घायल सड़क पर ही तड़पते रहे।
खुशबू ने बताया कि देहशत भरे दृश्य को देखते हुए उन्होंने तुरंत लोगों की मदद से ऑटो के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, ताकि उनका इलाज समय पर शुरू हो सके।खुशबू पाटनी ने कहा,"मैंने तुरंत एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन डेढ़ घंटे तक कोई नहीं आया। तब तक घायल सड़क पर तड़प रहे थे। अगर समय पर मदद मिल जाती, तो शायद कुछ लोगों की जान बच सकती थी।"उन्होंने यह भी बताया कि जहां घायलों को लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचा दिया गया, वहीं शव लंबे समय तक सड़क पर पड़े रहे, उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं था।स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि राहत कार्य समय पर शुरू होता तो नुकसान कम हो सकता था। हादसे के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

