उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी और बूंदाबांदी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। राजधानी दिल्ली में सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। कोहरे के चलते 100 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कई उड़ानों पर भी असर पड़ा है। यात्रियों को स्टेशनों और एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा।उत्तर प्रदेश में शीतलहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।
कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। ठंड की चपेट में आकर प्रदेश में दो लोगों की मौत की भी सूचना है। प्रशासन ने लोगों से जरूरी होने पर ही घर से निकलने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की अपील की है।मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर अभी जारी रह सकता है, जिससे आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। कोहरे और शीतलहर को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

.jpeg)
