आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ट्रॉफी टूर की शुरुआत एक ऐतिहासिक और अनोखे अंदाज़ में की गई। इस खास मौके पर ट्रॉफी को राम सेतु के ऊपर दो-सीटर पैरामोटर के जरिए आसमान में ले जाया गया, जिसने इस लॉन्च को यादगार बना दिया।भारत में एडम्स ब्रिज के नाम से पहचाना जाने वाला राम सेतु धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है।
यह न केवल भारत और श्रीलंका के बीच स्थित है, बल्कि दोनों देशों को जोड़ने वाले सेतु के रूप में भी जाना जाता है। चूंकि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं, इसलिए ट्रॉफी टूर की शुरुआत के लिए राम सेतु को चुना जाना बेहद प्रतीकात्मक माना जा रहा है।आईसीसी के अनुसार, यह ट्रॉफी टूर केवल एक प्रचार अभियान नहीं है, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को जोड़ने वाली यात्रा है। राम सेतु का अर्थ ही “जोड़ना” है, और यही संदेश क्रिकेट के माध्यम से देशों, संस्कृतियों और लोगों को एक साथ लाने का प्रतीक बनता है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट 29 दिनों तक चलेगा और इसकी शुरुआत 7 फरवरी 2026 से होगी। भारत और श्रीलंका के कुल 8 विभिन्न वेन्यू पर मुकाबले खेले जाएंगे।राम सेतु से ट्रॉफी टूर की शुरुआत ने टूर्नामेंट की भावना को मजबूती से दर्शाया है, जहां क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि आपसी जुड़ाव, एकता और साझी संस्कृति का संदेश लेकर आगे बढ़ेगा।

.jpeg)
