समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सत्ता के नशे में चूर सरकार लोकतंत्र को खुलेआम कमजोर कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि एक ट्वीट से ही उसकी “जान निकल जाती है”। सच सामने आने का डर सरकार को बेचैन कर देता है।
अखिलेश यादव का आरोप है कि भाजपा चुनाव में हार से डरकर हर बूथ पर करीब 200 वोट बढ़वाने की साजिश कर रही है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को गांव-गांव और बूथ-बूथ भेजा जा रहा है, ताकि नतीजों को प्रभावित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा हमला है।सपा प्रमुख ने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और कानून-व्यवस्था की नाकामी से त्रस्त है।
इन्हीं मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा चुनाव में धांधली का रास्ता अपना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़कों से लेकर संसद तक आवाज उठाएगी।अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा को सत्ता से बाहर कर लोकतंत्र को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि डर और दबाव की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली, बदलाव तय है।


