भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह ने नए साल की शुरुआत लखनऊ से की है। वह बिहार छोड़कर अब लखनऊ में शिफ्ट हो गए हैं। नए साल के मौके पर उन्होंने अपनी मां के साथ लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अपने नए आलीशान घर में गृह प्रवेश किया। इस दौरान उनके साथ सुरक्षा गार्ड भी मौजूद रहे।गृह प्रवेश से पहले पवन सिंह ने सोसाइटी में स्थित मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और मां के साथ भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद विधि-विधान से नए घर में प्रवेश किया गया। पवन सिंह ने मां के साथ पूजा-पाठ का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “हमारा पूरा भोजपुरिया संसार, हमारा हिंदुस्तान हमेशा हंसता रहे। आप सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। जय माता दी।”
बताया जा रहा है कि 14 दिसंबर को पवन सिंह को एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। कॉल करने वाले ने उन्हें बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के साथ किसी भी मंच को साझा न करने की चेतावनी दी थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने पवन सिंह की सुरक्षा और कड़ी कर दी थी। माना जा रहा है कि सुरक्षा कारणों को देखते हुए भी पवन सिंह ने लखनऊ में शिफ्ट होने का फैसला लिया है।पवन सिंह का यह नया घर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी जैसे पॉश इलाके में स्थित है। वह भोजपुरी सिनेमा के सफल और चर्चित अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनके हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 16.75 करोड़ रुपये से अधिक है। अचल संपत्ति की बात करें तो उनके पास मुंबई में चार फ्लैट हैं। इसके अलावा बिहार के आरा में उनका पैतृक घर है, जहां उनका पूरा परिवार रहता है, और पटना में भी उनकी प्रॉपर्टी है। आरा स्थित घर में पवन सिंह अक्सर समय बिताने जाते हैं।
गौरतलब है कि बीते वर्ष 5 अक्टूबर को पवन सिंह के लखनऊ स्थित फ्लैट पर उनकी पत्नी ज्योति सिंह उनसे मिलने पहुंची थीं। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक मुलाकात हुई थी। इसके बाद पवन सिंह वहां से चले गए, जबकि ज्योति सिंह वहीं रुक गईं। कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसको लेकर वहां हंगामा हुआ था। इस दौरान ज्योति सिंह ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें वह रोती हुई नजर आई थीं। वीडियो में उन्होंने पवन सिंह पर एफआईआर कराने और पुलिस बुलाने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।फिलहाल पवन सिंह नए साल की शुरुआत लखनऊ में अपने नए घर से कर रहे हैं और उनके गृह प्रवेश को लेकर भोजपुरी प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

.jpeg)
