वाराणसी में अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर, महिलाओं का विरोध

नगर निगम वाराणसी द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामीण इलाकों में अभियान तेज कर दिया गया है। शनिवार को नगर निगम की टीम रोहनिया थाना क्षेत्र के अविलेशपुर गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची, जहां सरकारी जमीन पर बने करीब 20 मकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई शुरू की गई।बुलडोजर पहुंचते ही स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं अपने बच्चों को लेकर बुलडोजर के सामने खड़ी हो गईं और कार्रवाई रोकने की मांग करने लगीं। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच नोंकझोंक भी हुई।


विरोध कर रही महिलाएं रोते-बिलखते हुए नगर निगम की टीम और अधिकारियों को बद्दुआएं देती नजर आईं।स्थानीय महिला अर्चना ने रोते हुए कहा कि इस कार्रवाई से कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज की कार्रवाई के बाद 20 परिवारों के घरों में चूल्हा नहीं जलेगा। अर्चना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई तो वे अपने अधिकारों के लिए चक्काजाम करेंगी। साथ ही उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि पैसे लेकर उनके साथ अराजकता की जा रही है।

मौके पर पहुंचे नगर निगम के अपर नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि जिस जमीन पर मकान बने हैं, वह सरकारी है और वहां अवैध रूप से कब्जा किया गया था। नियमों के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। रोहनिया थाना, अखरी चौकी, चितईपुर थाना और लोहता थाना की फोर्स के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद रही। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



Post a Comment

Previous Post Next Post