राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डीएवी पीजी कॉलेज, में ‘पंच परिवर्तन एवं भविष्य का भारत’ विषय पर दो दिवसीसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। आईसीएसएसआर द्वारा प्रायोजित यह संगोष्ठी 02 और 03 फरवरी 2026 को कॉलेज के स्व. पी.एन. सिंह यादव स्मृति सभागार में आयोजित होगी।कॉलेज परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि संगोष्ठी में देशभर से 200 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे और सभी राज्यों से शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संगोष्ठी का शुभारंभ प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय समन्वयक जे. नन्द कुमार मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण एशिया विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. के. के. अग्रवाल करेंगे। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी विशिष्ट अतिथि होंगे।समापन सत्र में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. जे.पी. लाल, इग्नू के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव तथा आरएसएस काशी प्रांत प्रचारक रमेश जी शामिल होंगे।कार्यक्रम संयोजक डॉ. शान्तनु सौरभ ने बताया कि संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में देश के कई विश्वविद्यालयों के कुलपति, पूर्व कुलपति और वरिष्ठ शिक्षाविद विचार रखेंगे। इनमें सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ, पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर, जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया सहित कई संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।
सह-समन्वयक डॉ. सिद्धार्थ सिंह के अनुसार अब तक 200 से अधिक शोधपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जो देश के सभी राज्यों से आए हैं। संगोष्ठी में संघ के पांच प्रमुख आयाम—सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य बोध—पर कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे।प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि फरवरी माह में कॉलेज में कई अन्य आयोजन भी होंगे। अंग्रेजी विभाग के छात्र मंच ‘लौरिएट’ द्वारा 2 से 9 फरवरी तक नक्षत्र लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 13, 14 और 16 फरवरी को युवा महोत्सव ‘उड़ान’ का आयोजन होगा।पत्रकार वार्ता में उप-प्राचार्य प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. पारूल जैन तथा सांस्कृतिक समिति समन्वयक डॉ. तरू सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

.jpeg)
