ऑल इंडिया बैंक रिटायर्ड फेडरेशन (AIBRF) के आह्वान पर रिटायर्ड बैंक कर्मियों की लंबित मांगों के समर्थन में देशव्यापी आंदोलन के तहत लंका स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस गेट पर धरना-प्रदर्शन किया गया। यह आंदोलन AIBRF द्वारा शुरू किए गए आंदोलन के दूसरे चरण का हिस्सा है।AIBRF उत्तर प्रदेश राज्य की सेंट्रल कमेटी के निर्णय के अनुपालन में पूरे प्रदेश में आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल ऑफिस, लंका में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जब तक रिटायर्ड बैंक कर्मियों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सभी बैंकों के सदस्यों और पदाधिकारियों से अपील की कि वे एकजुट होकर अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में भाग लें।
*रिटायरीज की प्रमुख मांगें*
आरबीआई फॉर्मूले के अनुसार पेंशन का अपडेशन।
वर्ष 2012 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्पेशल अलाउंस पर रिटायरमेंट बेनिफिट्स।
रिटायर्ड कर्मचारियों के ग्रुप मेडिकल इंश्योरेंस पर शून्य जीएसटी।
रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए सुपर टॉप-अप मेडिकल इंश्योरेंस में आईबीए द्वारा एल-1 प्रक्रिया का पालन।
रिटायर्ड कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आईबीए में शीर्ष स्तरीय शिकायत निवारण प्रणाली की स्थापना।
AIBRF नेताओं ने बताया कि जिन एफिलिएट्स का वर्ष 2025 का चंदा अब तक जमा नहीं हुआ है, उनसे आग्रह किया गया है कि वे शीघ्र ही निर्धारित खाते में राशि जमा करें अथवा धरना-प्रदर्शन के दौरान चेक सौंपें। वक्ताओं ने कहा कि एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


