77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सांतोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन सलामी मंच पर पहुंचीं, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यूरोपीय संघ के ये दोनों शीर्ष नेता इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के लिए असाधारण साहस और सेवा का प्रदर्शन करने वाले वीरों को सम्मानित किया। इसी क्रम में भारतीय अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अद्वितीय साहस, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह में सैन्य परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के माध्यम से भारत की एकता, शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। कर्तव्य पथ पर आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन ने देशवासियों में गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

.jpeg)
