वाराणसी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अनुशासन, समन्वय और समरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस साल की परेड का मुख्य थीम होगा “मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण”, जिसके तहत परेड में महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका विशेष रूप से उजागर की जाएगी।निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि मार्चपास्ट में महिला पुलिसकर्मियों की सभी टोलियाँ शामिल होंगी, जिनमें महिला कमांडो दस्ता, स्कूटी दस्ता और घुड़सवार दस्ता भी शामिल होंगे। परेड की कमान ACP (U/T) मानसी दहिया (IPS) संभालेंगी, जिससे महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण को भी दर्शाया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण दोनों को प्रमुखता दी जाएगी। इसमें नुक्कड़ नाटक और प्रदर्शनी के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश आम जनता तक पहुँचाया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परेड के अनुशासन, टर्नआउट और आचरण को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।साथ ही पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा मानक, आवागमन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम गरिमामय, सुरक्षित और सफलतापूर्वक सम्पन्न हो इसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग और आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन श्री प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डॉ. ईशान सोनी, ACP (U/T) मानसी दहिया और अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।इस वर्ष की परेड में महिला पुलिसकर्मियों के विविध दस्तों के शामिल होने से वाराणसी की गणतंत्र दिवस परेड “महिला सशक्तिकरण का अद्भुत प्रदर्शन” बनकर उभरेगी।


