सुलतानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के मदनपुर पनियर (सरैया) गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महाशिवरात्रि मेले में पत्नी को थप्पड़ मारने से नाराज उसके प्रेमी ने सोमवार तड़के करीब 5 बजे पति की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जबकि पुलिस ने पत्नी को हिरासत में ले लिया है।मृतक की पहचान अमित सिंह के रूप में हुई है। अमित ने 13 साल पहले शिल्पी से लव मैरिज की थी। उनके तीन बच्चे हैं—शिवा (12), महक (9) और यश (9)। अमित मुंबई में ट्रक चालक था और वहीं अपने छोटे भाई अजीत सिंह व मां के साथ रहता था। करीब छह महीने पहले उसकी दोस्ती सुलतानपुर निवासी दीपक से हुई, जो मुंबई में ही ट्रक चलाता था।जान-पहचान बढ़ने के बाद दीपक का अमित के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान उसकी नजदीकियां अमित की पत्नी शिल्पी से बढ़ गईं और दोनों के बीच संबंध बन गए। जब अमित को इस बात की जानकारी हुई तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। अमित ने दीपक का घर आना-जाना बंद करा दिया और नवंबर 2025 में पत्नी और बच्चों को सुलतानपुर स्थित गांव भेज दिया।
बताया जा रहा है कि शिल्पी के गांव लौटते ही दीपक ने भी मुंबई की नौकरी छोड़ दी और सुलतानपुर आ गया। पड़ोसियों के अनुसार, वह शिल्पी से मिलने गांव आने लगा था।रविवार को अमित अपनी पत्नी और बच्चों को महाशिवरात्रि का मेला घुमाने ले गया था। मेले में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान अमित ने शिल्पी को थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि दीपक कुछ दूरी पर खड़ा यह सब देख रहा था। प्रेमिका की सरेआम पिटाई से आहत दीपक ने बदला लेने की ठान ली।सोमवार तड़के वह अमित के घर पहुंचा और धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शिल्पी बच्चों को लेकर मायके चली गई। वहां पहुंचकर उसने अपनी ननद और देवर को फोन कर हत्या की जानकारी दी। इसके बाद मुंबई में मौजूद देवर ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी दीपक की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

.jpeg)