पावन रंगभरी एकादशी के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर स्थित शंकराचार्य चौक के ‘शिवार्चनम्’ मंच पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित कलाकारों ने अपनी दिव्य एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कलाकारों ने शिव-भक्ति पर आधारित भजन एवं स्तुतियाँ प्रस्तुत कर काशी की आध्यात्मिक परंपरा को सजीव किया। ब्रज के रसियारों द्वारा ‘रास’ एवं ‘फूलों की होली’ का भव्य आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिससे पूरा धाम परिसर उत्सवमय उल्लास से गूंज उठा।
कार्यक्रम में श्री सुनील प्रसन्ना एवं उनके सह-कलाकारों द्वारा मनोहारी शहनाई वादन प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया। वहीं, पूनम श्रीवास्तव के भावपूर्ण भजन गायन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री काशी रास विद्या वृंद, शिवम सिंह, राधिका मिश्रा, शुभम, वृष्टि चक्रवर्ती, राजन तिवारी एवं प्रिया सिंह ने भी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।पूरे आयोजन के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से धाम परिसर गुंजायमान रहा। अंत में देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

