बीएचयू के हैदराबाद गेट के समीप सुसुवाही क्षेत्र में बीती रात एक हृदयविदारक अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें एक धोबी की वर्षों पुरानी दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना रात लगभग 2 बजे की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार सोमारू कनौजिया ने बताया कि वे इन दिनों अपना मकान निर्माण करा रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने एक दिन पूर्व ही बैंक से लगभग ₹1.50 लाख नकद निकाले थे, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए दुकान में रखा गया था। आग लगने से वह पूरी रकम भी जलकर नष्ट हो गई।इसके अलावा दुकान में ग्राहकों के धुलाई एवं पॉलिश के लिए रखे गए गर्म कपड़े, महंगी साड़ियां और अन्य परिधान भी आग की भेंट चढ़ गए।
स्थानीय लोगों ने आग की सूचना मिलते ही तत्काल राहत कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। आसपास की दुकानें सटी होने के कारण आग फैलने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन दमकल विभाग की टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे अन्य दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। हालांकि सोमारू कनौजिया की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई।वार्ड संख्या 39, सुसुवाही के पार्षद सुरेश पटेल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सोमारू कनौजिया वर्षों से मेहनत कर अपनी आजीविका चला रहे थे और यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक से भी वार्ता की गई है, ताकि पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता मिल सके। पार्षद ने मौके पर ही पीड़ित को ₹5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित को शीघ्र राहत राशि, मुआवजा और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह पुनः अपना व्यवसाय शुरू कर सके।

.jpeg)