अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं के अनावरण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लंका पुलिस ने एक महिला मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 अदद चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। एमएमबी तिराहा के आगे पार्किंग स्थल के पास से सीमा देवी पत्नी गुड्डू बिंद, निवासी ग्राम बिसरामपुर, जिला सासाराम (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
रविदास गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला एमएमबी तिराहा के पास चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध महिला पुलिस को देखकर भागने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने 11 फरवरी 2026 को बीएचयू परिसर में भीड़ का लाभ उठाकर मोबाइल फोन चोरी किए थे और पकड़े जाने के भय से उन्हें फ्लाइट मोड पर कर सुन्दरलाल अस्पताल के पास कचरे के नीचे छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। अभियुक्ता के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

.jpeg)