भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरडिहा की रहने वाली नेहा परवीन ने पति की मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी।नेहा परवीन का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर घर आता है और रोज उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है। वह उसका मोबाइल छीन लेता है और पैसों की जबरन मांग करता है। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले पुलिस चौकी पर भी शिकायत की थी, लेकिन वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद मजबूर होकर वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची।
नेहा ने बताया कि वह और उसका पति पहले तीन साल तक रिलेशनशिप में रहे, फिर दोनों ने शादी कर ली। लेकिन शादी के महज एक महीने बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति नशे की हालत में अपने दोस्तों के साथ घर आता है और उससे आपत्तिजनक मांग करता है। इसके अलावा वह घर से निकालने की धमकी देता है और उसकी कमाई भी छीन लेता है।पीड़िता ने कहा कि वह किराए के मकान में रहती है और ससुराल पक्ष से भी उसे कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। पति की प्रताड़ना से मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुकी नेहा ने प्रशासन से मांग की है कि उसे इंसाफ दिलाया जाए और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जाए।फिलहाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की उम्मीद जताई जा रही है।

.jpeg)