कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में 12.66 करोड़ की संपत्ति जब्त, NDPS एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई

वाराणसी में कोडीन युक्त ‘फेंसा डील कफ सिरप’ की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में कोतवाली पुलिस और एसआईटी टीम ने बड़ी वित्तीय कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 12 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की है।यह कार्रवाई जैतपुरा थाना क्षेत्र के ईश्वरगंगी चम्पाबाग टावर निवासी मनोज यादव के खिलाफ की गई। पुलिस के अनुसार मनोज यादव ‘सिंडीकेट’ ब्रांड के फेंसा डील कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 1 लाख 26 हजार बोतल कफ सिरप की अवैध तस्करी की थी।

कार्रवाई वाराणसी कोतवाली पुलिस की एसआईटी टीम द्वारा एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने आरोपी और उससे जुड़े लोगों की कुल 20 संपत्तियों को कुर्क किया। जब्त संपत्तियों में कई मकान, प्लॉट और अन्य निर्माण शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 12.66 करोड़ रुपये आंकी गई है।पुलिस ने वित्तीय जांच के दौरान मनोज यादव और उससे जुड़े सात बैंक खातों को भी सीज कर दिया है। इन खातों में कुल 86 लाख रुपये जमा पाए गए।जांच में यह भी सामने आया कि जब्त 20 संपत्तियों में से पांच संपत्तियां भोला जायसवाल के नाम पर हैं, जो पिंडर इलाके में स्थित हैं। पुलिस के मुताबिक भोला जायसवाल की संलिप्तता भी सामने आई है और उसकी संपत्तियों के खिलाफ भी जल्द ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई ड्रग्स तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को जब्त करना तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post