बीते दिनों गंगा में हुए हादसे के मद्देनज़र बुधवार को सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे के तहत श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नाविकों और पर्यटकों को विशेष रूप से लाइफ जैकेट पहनने तथा गंगा तट की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।अभियान के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को संदेश दिया गया कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, अत्यधिक भीड़ से बचें तथा नाव पर बैठते समय क्षमता के अनुरूप ही सवार हों। नाविकों से भी अपील की गई कि वे प्रत्येक यात्री को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाएं।
जागरूकता कार्यक्रम में मेक्सिको से आए विदेशी सैलानियों ने भी सक्रिय भागीदारी कर सुरक्षा और स्वच्छता के संदेश को समर्थन दिया। गंगा द्वार पर स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा को स्वच्छ रखने और सुरक्षित नौकायन का संकल्प लिया।नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने सभी से अपील की कि नाव पर बैठते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें, अधिक भीड़ से बचें और गंगा किनारे की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। इस दौरान निशिता, सुधाकर अजीत, कृष्णा सहित कई नाविक और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

