वाराणसी के सिद्धगिरीबाग क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय नीचे मजदूर काम कर रहे थे, जिनके ऊपर ही छज्जा आ गिरा। मलबे में दबने से तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश (38 वर्ष) पुत्र फूलचंद गौंड निवासी ग्राम डेडवा, काछवा रोड, मिर्जामुरा थाना, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और छज्जा गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

