महाशिवरात्रि से पहले कर्णघंटा कुंड में गंदगी, दर्शन-पूजन बाधित

महाशिवरात्रि महापर्व से ठीक पहले गोला दीनानाथ वार्ड संख्या 84 अंतर्गत कर्णघंटा कुंड स्थित पौराणिक व्यासेश्वर महादेव मंदिर एवं कर्णेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो गई है। नगर निगम द्वारा लगाए गए पंप के खराब हो जाने से कुंड का पानी निकासी नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण दर्शन और पूजा-अर्चना बाधित हो गई है।स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों में इस स्थिति को लेकर रोष व्याप्त है। कर्णघंटा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं घंटाकर्ण तीर्थ के तीर्थ पुरोहित विश्वनाथ दूबे ने बताया कि समस्या की सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से नगर निगम को दी गई थी। इसके बाद नगर निगम कोतवाली जोन के सफाई इंस्पेक्टर के.के. सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुंड का पानी अत्यधिक गंदा हो चुका है और निकासी पूरी तरह बंद है। मोटर पानी नहीं उठा पा रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों ने शीघ्र समस्या समाधान की मांग की है।श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो पर्व पर आने वाले भक्तों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post