नगवा के मकान में 45 वर्षीय महिला का शव बरामद, फॉरेंसिक जांच शुरू

लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा स्थित N1/19 E मकान में मंगलवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान रीना सिंह (45) पत्नी मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भभुआ (कैमूर) की निवासी बताई जा रही हैं। परिवार के अनुसार, वह लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से पीड़ित थीं और उनका उपचार PGI लखनऊ में भी कराया गया था। परिजनों ने बताया कि पूर्व में भी उन्होंने दवा का ओवरडोज लेने की कोशिश की थी।

मृतका के पुत्र उदित विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उनकी दोनों बहनें—जिया सिंह (20) और श्रेया सिंह (23)—परीक्षा समाप्त होने के बाद गांव चली गई थीं, जबकि उनकी मां घर में अकेली रह रही थीं। पुत्र उदित अपने पैतृक गांव भभुआ में रहता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाया गया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार व लंका थाने की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post