वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में स्थित रेनबो गेस्ट हाउस में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर पर मिली सूचना के आधार पर एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने शुक्रवार को गेस्ट हाउस पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को शिकायत मिली थी कि गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली निवासी मुहम्मद जफर उर्फ राज उर्फ गुड्डू, आजमगढ़ निवासी राजू यादव, वाराणसी निवासी होटल संचालक जितेंद्र कुमार, ग्राहक सुनील कुमार और भवन स्वामी अनिल पांडेय शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दो लोग दलाली में संलिप्त पाए गए, जबकि अन्य में होटल संचालक, मकान मालिक और एक ग्राहक शामिल है। तीन महिलाओं को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से नौ टच स्क्रीन मोबाइल फोन, तीन कीपैड मोबाइल, पेटीएम और गूगल पे के क्यूआर कोड, एक पेटीएम भुगतान मशीन, एक रजिस्टर, चार प्रयुक्त और 21 अप्रयुक्त कंडोम तथा 10,070 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि डिजिटल भुगतान के साक्ष्यों से अवैध लेनदेन के संकेत मिले हैं और जब्त सामग्री के आधार पर आगे की जांच जारी है।

