वाराणसी। पंच नदियों की संगम स्थली पंचगंगा घाट पर गुरुवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच, महानगर इकाई की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घाट किनारे स्थित अति प्राचीन शिव कचहरी की साफ-सफाई कर गंगा निर्मलीकरण और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
महाशिवरात्रि तक पखवाड़े भर चलने वाले इस विशेष स्वच्छता अभियान के चौथे दिन शिव कचहरी परिसर में जमी गंदगी हटाई गई। पानी की समुचित निकासी न होने के कारण परिसर में एकत्र जल से दुर्गंध फैल रही थी, जिसे दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं ने घंटों श्रमदान किया और पूरे प्रांगण को गंगाजल से धोया।जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में संस्था के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
शिवम अग्रहरि ने बताया कि गंगा किनारे स्थित कई प्राचीन मंदिर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं, जिनमें मरम्मत की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ये मंदिर काशी की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने आगे बताया कि शिवालयों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, खंडित विग्रहों के संरक्षण तथा नियमित देखरेख और पूजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा जाएगा।इस अवसर पर सत्यप्रकाश कुशवाहा, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय, अनुराग सोनकर, लक्ष्य जायसवाल, संतुष्ट सोनकर, शिवा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

.jpeg)
