चेतगंज थाना क्षेत्र के पान दरीबा रोड स्थित मदरसा-अल-कुरैश मुताल्लिका गोट-मीट डीलर्स एसोसिएशन की बकरा मंडी में मंगलवार सुबह गोकशी की अफवाह को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर पहुंचे कुछ युवकों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद व्यापारियों से तीखी झड़प की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और हंगामा कर रहे कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।वायरल फोटो से भड़का विवाद बताया जा रहा है कि एक बकरी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोकशी की आशंका जताई गई। इसी सूचना के आधार पर करीब 50 युवाओं का समूह सुबह लगभग 9 बजे बकरा मंडी पहुंचा और विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान कुछ व्यापारियों से धक्का-मुक्की और कहासुनी भी हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने भी स्थिति को लेकर आपत्ति जताई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई सूचना मिलते ही एडीएम सिटी आलोक वर्मा और वाराणसी पुलिस के डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मंडी का निरीक्षण किया।डीसीपी काशी जोन ने बताया कि अवैध बूचड़खाने की सूचना पर जांच की गई, लेकिन मौके पर केवल पुरानी बकरा मंडी पाई गई, जहां बकरों की खरीद-बिक्री होती है। किसी भी प्रकार का पशु कटान नहीं मिला।
प्रतिबंधित परिधि का मामला अधिकारियों के अनुसार संबंधित क्षेत्र मंदिर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर है और प्रतिबंधित परिधि क्षेत्र में आता है, जहां पशु कटान पर रोक है। वायरल तस्वीर और प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौके पर गोकशी की कोई पुष्टि नहीं हुई है और प्रथम दृष्टया मामला अफवाह का प्रतीत होता है। अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा एहतियातन पुलिस बल तैनात है।

