वाराणसी के सामने घाट स्थित पं. सीताराम घाट गंगा तट पर नवनिर्मित श्री रामेश्वर मनोकामना मंदिर प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पावन गंगा किनारे आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा है। व्यासपीठ से श्रीकुल भागवत आचार्य प्रमोद त्रिवेदी भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी शैली में श्रीमद् भागवत का वाचन कर रहे हैं और भक्तों को धर्म, संस्कार, राष्ट्रभावना एवं आध्यात्मिक जीवन का संदेश दे रहे हैं।
श्रीकुल पीठ के पीठाधीश्वर महंत आनंद भैरव जी महाराज ने बताया कि बाबा विश्वनाथ एवं माँ पराम्बा आदिशक्ति की कृपा तथा पूर्वजों व गुरुओं के आशीर्वाद से ब्रह्मराष्ट्र एकम् विश्व महासंघ एवं श्रीकुल पीठ के तत्वावधान में यह आयोजन राष्ट्र की समृद्धि और जनकल्याण की भावना से किया गया है। उन्होंने कहा कि बाबा रामेश्वर महादेव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं और भविष्य में यह मंदिर शिव-शक्ति चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा। आयोजकों के अनुसार कथा 16 फरवरी से 22 फरवरी तक प्रतिदिन चलेगी, जिसमें कथा के साथ भजन-कीर्तन और भव्य आरती का आयोजन भी हो रहा है। कथा में पहुंचे वरिष्ठ समाजसेवी अजय पांडे ने कहा कि मां गंगा के तट पर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण अत्यंत पुण्यदायी होता है, जिससे मानसिक शांति मिलती है और जीवन को सदमार्ग की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने काशीवासियों से इस जनकल्याणकारी आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।

