पाली थाना क्षेत्र के मुड़रामऊ गांव में डिप्टी कमिश्नर के छोटे भाई की घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने सुबह करीब 5 बजे बांके से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मरने से पहले गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो साथियों पर साजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया।जानकारी के मुताबिक, रावेंद्र कुमार मथुरा में पिछले छह वर्षों से डिप्टी कमिश्नर (उद्योग) के पद पर तैनात हैं। उनका पैतृक आवास हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित मुड़रामऊ गांव में है, जहां उनकी मां गोमती (78) और छोटा भाई विजय प्रताप (35) रहते थे।शनिवार सुबह करीब 5 बजे अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और विजय प्रताप पर बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर हमलावर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर मां और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो विजय प्रताप पेट के बल आंगन में लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे।
घायल अवस्था में विजय ने पड़ोसियों से कहा, “मैं अभी मरा नहीं हूं, जिंदा हूं। कहीं मत लेकर जाओ, मेरे भाई को आने दो।” इसके बाद उसने गांव के ही इंद्रपाल और उसके दो साथियों का नाम लेते हुए हमले को साजिश बताया।हालांकि, ग्रामीणों ने उसे तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। करीब दो घंटे इलाज के बाद विजय प्रताप ने दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि जून 2023 में विजय के पिता की भी बांके से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मरने से पहले उन्होंने भी हमलावरों के नाम बताए थे। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां गोमती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

.jpeg)