महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस वर्ष लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के बाबा के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। पिछले वर्ष महाशिवरात्रि पर करीब 12 लाख श्रद्धालु काशी पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, बैरिकेडिंग और स्वास्थ्य सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।महाशिवरात्रि पर परंपरानुसार बाबा विश्वनाथ की चार पहर की विशेष आरती संपन्न होगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो श्रद्धालु व्रत रखकर दर्शन के लिए आ रहे हैं, वे फलाहार कर ही धाम में प्रवेश करें, ताकि लंबी प्रतीक्षा के दौरान असुविधा न हो। अनुमान है कि सामान्य श्रद्धालुओं को दर्शन में 5 से 6 घंटे तक का समय लग सकता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर और बाहर दशाश्वमेध घाट से मैदागिन तक व्यापक बैरिकेडिंग की जा रही है, जिससे आवागमन सुव्यवस्थित रहे। धाम में लंबी कतारों को देखते हुए मेडिकल टीम भी तैनात की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।प्रशासन ने दिव्यांगजनों से अनुरोध किया है कि वे भीड़ से बचने के लिए मोबाइल या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दर्शन-पूजन की सुविधा का लाभ उठाएं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है, ताकि महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

.jpeg)