केदार घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम

भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केदार घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और साथ आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले का निवासी था।प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष कुमार मूल रूप से बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर, जिला धनबाद (झारखंड) का रहने वाला था। वह अपनी मां, नाना उपेंद्र सिन्हा और नानी के साथ वाराणसी भ्रमण के लिए आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि आयुष हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा था और परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह आयुष केदार घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने के कारण डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।

गोताखोरों और जल पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के सहयोग से तत्काल सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई

सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद घाट क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post