महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर काशी में प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। महाशिवरात्रि के दौरान ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के साथ विशेष बैठक कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा “मैडम” और “सर” कहकर संबोधित करें, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को कम से कम समय में सहज और सुगमता के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएं। इसके लिए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा रहा है और भीड़ प्रबंधन की विशेष योजना लागू की गई है।गंगा घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पूरे आयोजन की निगरानी स्वयं वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी करेंगे।पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महाशिवरात्रि के दौरान हर स्तर पर कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

.jpeg)