वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से जिंदा कारतूस बरामद, मचा हड़कंप

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से पिस्टल का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। सतर्कता दिखाते हुए सीआईएसएफ के जवानों ने यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को फूलपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

स्क्रीनिंग के दौरान पकड़ा गया कारतूस

जानकारी के अनुसार मिर्जापुर के बेलखरिया निवासी आनंद कुमार पांडेय (59), जो वर्तमान में देहरादून (उत्तराखंड) में व्यवसाय करते हैं, शनिवार दोपहर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्हें Air India की फ्लाइट AI-1870 से दोपहर 1 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था।मुख्य टर्मिनल पर एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों को उनके हैंड बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई की।

लाइसेंस होने का किया दावा

पूछताछ में आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि उनके पास पिस्टल का वैध शस्त्र लाइसेंस है और कारतूस गलती से बैग में रह गया था। उन्होंने इसे भूलवश हुई चूक बताया।सीआईएसएफ ने आवश्यक पूछताछ के बाद यात्री को फूलपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

दस्तावेजों की हो रही जांच

फूलपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि यात्री से पूछताछ की जा रही है। उनके शस्त्र लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। यदि दस्तावेज सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post