भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका: 8 मजदूर जिंदा जले, 4 गंभीर रूप से घायल

राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 8 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली एम्स रेफर किया गया है।बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे कई मजदूर बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके से भारी मात्रा में बारूद, तैयार पटाखे और पैकिंग के डिब्बे बरामद किए गए हैं। इससे अंदेशा है कि विस्फोट ज्वलनशील पदार्थ के कारण हुआ।

हादसा इतना भयावह था कि कई शव बुरी तरह जल गए। कुछ शवों के केवल कंकाल ही बचे थे, जबकि शरीर के अंगों के टुकड़े आसपास बिखरे मिले। रेस्क्यू टीम ने बॉडी पार्ट्स को पॉलीथीन में इकट्ठा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने मौके का निरीक्षण करने के बाद कहा कि प्रथम दृष्टया यह छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल लग रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस रिसाव की कोई पुष्टि नहीं हुई है।एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र है, जिसने किसी तिवारी नामक व्यक्ति को फैक्ट्री लीज पर दी थी। फिलहाल दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम विस्फोट के कारणों की गहन जांच में जुटी है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post