सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव–2026 के विजेताओं को पदक व शील्ड

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में  आयोजित अन्तःसंकाय वार्षिक खेलकूद युवा महोत्सव–2026 के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को सोमवार को योगसाधना केन्द्र में आयोजित समारोह में प्रमाण-पत्र, पदक एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी, कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा एवं कुलसचिव राकेश कुमार ने दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण के साथ अतिथियों का पारंपरिक सम्मान किया गया।

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक सुदृढ़ता नहीं, बल्कि शिक्षा, ऊर्जा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और खेल के संतुलित विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “खेलो इंडिया” जैसी योजनाओं ने प्रतिभाओं को मंच दिया है और आज भारतीय खिलाड़ी ओलम्पिक व एशियाई खेलों में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। काशी की ज्ञान-परंपरा और खेल-संस्कृति मिलकर राष्ट्र को नई दिशा दे रही है।अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ शारीरिक एवं नैतिक सुदृढ़ता के लिए भी प्रतिबद्ध है। खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम-भावना का विकास होता है, जो जीवन-पथ पर सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।गोला फेंक, चक्का फेंक, योगासन, शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए।कबड्डी में कप्तान रोहित कुमार मिश्रा की टीम विजेता एवं योगेश पांडे की टीम उपविजेता रही।वॉलीबॉल में कप्तान आदर्श पांडे की टीम विजेता एवं रोहित कुमार मिश्रा की टीम उपविजेता घोषित हुई।दोनों प्रतियोगिताओं की विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड तथा सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र व पदक प्रदान किए गए। संचालन डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार मिश्र ने किया।समारोह राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।



Post a Comment

Previous Post Next Post