होलिका दहन को लेकर दशाश्वमेध थाने में शांति समिति की बैठक, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

होलिका दहन और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दशाश्वमेध थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने की।बैठक में क्षेत्र की होलिका दहन समितियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। एसीपी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सभी होलिका दहन स्थलों को लेकर समितियों से समन्वय स्थापित किया गया है। विगत वर्षों की तरह इस बार भी त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर सहमति बनी है।

उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की कि त्योहार के दौरान नियमों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे विधिक कार्रवाई की स्थिति उत्पन्न हो।एसीपी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।बैठक में होलिका दहन कमेटी के प्रतिनिधि अमर बोस ने सुझाव दिया कि गंगा मॉल और सीमांचल रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल बढ़ाया जाए, ताकि बाहर से आने वाले सैलानियों के बीच शहर की छवि प्रभावित न हो।पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे, जिससे वाराणसी में त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।



Post a Comment

Previous Post Next Post