पं० किशन महाराज की स्मृति में 108वीं संगीत गोष्ठी का द्वितीय चरण सम्पन्न

पद्मविभूषण पं० किशन महाराज जी की स्मृति में आयोजित संगीत सभा की 108वीं गोष्ठी का द्वितीय भाग  कबीर चौरा स्थित श्री गणेश कक्ष में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन स्व. प्रमिला मिश्रा को समर्पित रहा।कार्यक्रम की प्रथम प्रस्तुति में वाराणसी की युगल जोड़ी प्रियांशु घोष एवं लवली शर्मा ने युगल गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने राग भूपेश्वरी में विलंबित एकताल की बंदिश से शुरुआत की, तत्पश्चात तीनताल में छोटा खयाल  प्रस्तुत किया। फागुन की छटा बिखेरते हुए होलियां गाकर खूब सराहना बटोरी। संगत में तबला पर कृष्ण कुमार उपाध्याय तथा हारमोनियम पर मोहित साहनी ने सधा हुआ साथ दिया।

दूसरी कड़ी में कोलकाता से पधारे आर्कोदीप दास ने स्वतंत्र तबला वादन प्रस्तुत किया। तीनताल में बनारस घराने की शैली में पारंपरिक उठान, आमद, चलनचारी, बांट, गत, फर्द, टुकड़े एवं परण प्रस्तुत कर श्रोताओं को तालियों के लिए विवश कर दिया। हारमोनियम पर पुनः मोहित साहनी ने संगत की।अंतिम प्रस्तुति में डॉ. राजेश गौतम ने बांसुरी वादन से संध्या को सुरमय बना दिया। कार्यक्रम का समापन राग पीलू की मधुर धुन से हुआ। तबला पर वरिष्ठ वादक पं० कुबेरनाथ मिश्र ने सशक्त संगत प्रदान की।सभा के अध्यक्ष पं० पूरण महाराज ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन दिया और आगामी कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा की।

Post a Comment

Previous Post Next Post