वाराणसी के वार्ड नंबर 27 स्थित आज़ाद नगर (बजरडीहा) में पिछले दो वर्षों से चली आ रही सीवर जाम और जलजमाव की समस्या को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने जलकल विभाग कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना दिया। बड़ी संख्या में जुटे क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे मोहल्ले में गंदगी और बीमारी का खतरा बना हुआ है।धरने के दौरान जलकल विभाग के महाप्रबंधक, सचिव एवं अन्य अधिकारी नगर आयुक्त के साथ बैठक में व्यस्त थे। सूचना पर रेवड़ी तालाब चौकी इंचार्ज शिवम श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की।
इसके बाद विभाग की ओर से तत्काल कर्मचारियों को भेजकर साफ-सफाई कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जब तक संतोषजनक समाधान नहीं हो जाता, तब तक सफाई कार्य निरंतर जारी रहेगा तथा स्थायी समाधान के लिए 10 दिन का समय मांगा गया है।प्रशासन के आश्वासन के बाद क्षेत्रीय जनता ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में अब्दुल्ला शाहिद, बाबू भारती सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी (समाजवादी पार्टी) के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
.jpeg)
