डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘उड़ान-2026’ का समापन समारोह उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रख्यात फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा ने अपने चुटीले अंदाज और लोकप्रिय संवादों से छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ मंच पर आए संजय मिश्रा ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि संघर्ष ही सफलता की असली शुरुआत है। उन्होंने सादा जीवन, सकारात्मक दृष्टिकोण और व्यक्तित्व निर्माण पर जोर देते हुए छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने करियर के साथ-साथ जीवन को भी प्रेरणास्रोत बनाएं।विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध सितार वादक पं. देवब्रत मिश्र उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव एवं कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष माला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने किया, जबकि समन्वयक डॉ. तरु सिंह रहीं।
ईस्ट मीट्स वेस्ट फ्यूजन बैंड’ ने भारतीय शास्त्रीय और पाश्चात्य संगीत का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। देश-विदेश के कलाकारों की सहभागिता ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय रंग दिया।युवा महोत्सव के तीसरे दिन आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डिजिटल भारत पर आधारित व्यंग्य स्किट ‘नारद का चालान’ ने दर्शकों को खूब हँसाया, वहीं ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ और ‘अनपढ़ नेता’ जैसी प्रस्तुतियों ने सामाजिक विषयों पर करारा कटाक्ष किया। फोक डांस और सांस्कृतिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में रंग भर दिया।युवा महोत्सव ‘उड़ान-2026’ ने न केवल मनोरंजन बल्कि प्रेरणा, कला और संस्कृति का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए छात्रों को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास से भर दिया।

