संत शिरोमणि गाडगे महाराज को नमन, जयंती पर सामाजिक एकता का दिखा अनुपम दृश्य

संत गाडगे महाराज की 150वीं जयंती दाउदपुर स्थित धोबी घाट के मैदान में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन गाडगे आर्मी एवं विश्व रजक महासंघ के तत्वावधान में किया गया।समारोह में मुख्य रूप से रोहनिया विधायक सुनील पटेल व एमएलसी प्रत्याशी पंकज सिंह 'डब्लू' उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व रजक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं गाडगे आर्मी के संस्थापक रमेश चौधरी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गाडगे महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

संत के विचार आज भी प्रासंगिक

उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा गाडगे महाराज के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही धोबी समाज को आश्वस्त किया कि उनके विकास और समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

धोबी घाट निर्माण का मुद्दा उठा

कार्यक्रम में दाउदपुर स्थित खाली पड़े मैदान में धोबी घाट निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। अध्यक्षता कर रहे रमेश चौधरी ने को ज्ञापन सौंपते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे धोबी समाज को बड़ी सुविधा मिलेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान

आयोजक राहुल चौधरी और संयोजक छोटेलाल कन्नौजिया ने अतिथियों का स्वागत किया। रामनगर के राजेन्द्र कन्नौजिया ने सामाजिक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांधा। इस अवसर पर संत गाडगे महाराज के उपदेशों से युक्त स्टीकर भेंट कर अतिथियों का सम्मान भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन प्रदेश संयोजक बाली कन्नौजिया ने किया। स्वागत संबोधन विजय हिटलर, पार्षद राजेश कन्नौजिया और सपा महिला नेत्री पार्वती कन्नौजिया ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश संगठन मंत्री किशन कन्नौजिया तथा समापन जिला सचिव जितेन्द्र कन्नौजिया ने किया।समारोह में विनोद कन्नौजिया, सुभाष कन्नौजिया (पूर्व प्रधान भदवर), सतीश कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।अंत में उपस्थित लोगों ने संत गाडगे महाराज के स्वच्छता, सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post