लंबित पाठ्यक्रम और CHS प्रवेश प्रक्रिया पर छात्रसभा का विरोध, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

समाजवादी छात्रसभा ने छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए सत्र 2025-26 के लंबित डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों को तत्काल शुरू करने और Central Hindu School (CHS) प्रवेश 2026 बुलेटिन में मौजूद त्रुटियों को दुरुस्त करने की मांग की।छात्रसभा का कहना है कि जिन पाठ्यक्रमों को निर्धारित समय पर प्रारंभ हो जाना चाहिए था, वे अब तक शुरू नहीं किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई की योजना और करियर पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। संगठन के अनुसार लगातार हो रही देरी से छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

वहीं, CHS प्रवेश 2026 बुलेटिन को लेकर भी संगठन ने कई आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उनका आरोप है कि बुलेटिन में कई महत्वपूर्ण जानकारियां स्पष्ट नहीं हैं, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। छात्रसभा ने कक्षा 9 में बालिकाओं के लिए सीटों का स्पष्ट विवरण जारी करने, कक्षा 6 में लॉटरी प्रणाली लागू करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने तथा प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देश पारदर्शी ढंग से सार्वजनिक करने की मांग की है।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए तो छात्रहित में आंदोलन तेज किया जाएगा। छात्रसभा का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इस मुद्दे पर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post