प्रयागराज में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बारा थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वह थाने के भीतर ही एक मुकदमे के पीड़ित से 75 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे।शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही रुपये का लेन-देन हुआ, टीम ने तत्काल दबिश देकर थाना प्रभारी को धर दबोचा। कार्रवाई के बाद उन्हें थाना घूरपुर ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर 2012 बैच के दरोगा हैं और मूल रूप से वाराणसी (बनारस) के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल एंटी करप्शन टीम द्वारा लिखापढ़ी और पूछताछ की कार्रवाई चल रही है।इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

