वाराणसी के पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना आदमपुर पुलिस ने अपहरण कर हत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने यह कार्रवाई 17 फरवरी 2026 को अभियान के तहत की।पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त ज़ोन काशी, अपर पुलिस उपायुक्त ज़ोन काशी तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक आदमपुर के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को दबोचा।
प्रार्थिनी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार उनके पुत्र सनी सोनकर का उसके दोस्तों बीरु गुप्ता, अभिषेक, राहुल, रवि और मोगली उर्फ संतोष द्वारा अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना आदमपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। अभियुक्तों ने बताया कि 29 जनवरी 2026 की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच जलालीपुरा स्थित पनारू पान की दुकान के सामने सड़क पर ऑटो खड़ा कर सभी लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान साड़ी की कमीशन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर सभी ने मिलकर सनी सोनकर के साथ मारपीट की, जिसमें उसके सिर पर ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।इसके बाद आरोपी शव को ऑटो में लादकर रामनगर टेंगरा मोड़ होते हुए विश्वसुंदरी पुल ले गए और पुल के बीच से गंगा नदी में फेंक दिया।

