यूपी बोर्ड परीक्षा का आगाज़: 117 केंद्रों पर 90 हजार से अधिक परीक्षार्थी, विद्यार्थियों पर हुई पुष्प वर्षा

वाराणसी में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 आज से जनपद के 117 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सभी केंद्रों पर सुरक्षा व पारदर्शिता के व्यापक इंतज़ाम किए गए।इस वर्ष जिले में कुल 90,284 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें हाईस्कूल के 46,068 तथा इंटरमीडिएट के 44,216 छात्र-छात्राएं हैं। हाईस्कूल में 23,745 छात्र व 22,323 छात्राएं, जबकि इंटरमीडिएट में 23,046 छात्र और 21,170 छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। वहीं वाराणसी मंडल में लगभग 40 हजार परीक्षार्थी हिंदी विषय की परीक्षा में सम्मिलित हुए।

पहले दिन कई केंद्रों पर परीक्षा को उत्सव का रूप दिया गया, ताकि परीक्षार्थियों के मन से घबराहट दूर हो सके। हरिश्चन्द्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की स्कैनिंग की गई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा कक्ष में भेजा गया। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा वॉयस रिकॉर्डिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।प्रश्नपत्रों के लिफाफे परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पूर्व खोले गए। जिला कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और उड़ाका दलों में महिला निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बिजली, इंटरनेट और तकनीकी व्यवस्थाएं सुचारु रखी गई हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।वंशिका बरनवाल ने कहा कि केंद्र पर स्वागत और बेहतर व्यवस्था से आत्मविश्वास बढ़ा है और घबराहट कम हुई है। प्रधानाचार्या प्रियंका तिवारी ने कहा कि बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का पालन कराया जा रहा है और विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की है।इसी कड़ी में गोपी राधा बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में भी कड़ी निगरानी के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षा संचालित की गई। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पूर्व छात्राओं की सघन जांच और स्कैनिंग की गई, जिसके बाद उन्हें निर्धारित कक्षों में भेजा गया। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है।कॉलेज प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। परीक्षा शुरू होने से पूर्व प्रश्नपत्र नियमानुसार खोले गए और समय पर वितरण किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post