।। वाराणसी।। हिंदू विश्वविद्यालय के बिरला ‘बी’ हॉस्टल गेट पर छात्र पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है
वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित बिरला ‘बी’ हॉस्टल के गेट पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक छात्र पर जानलेवा हमला कर फायरिंग की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बी.ए. तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा अपने साथी विशाल कुमार के साथ रात लगभग 9 बजे हॉस्टल गेट पर खड़े थे। आरोप है कि तभी मोटरसाइकिल सवार तीन युवक— पीयूष कुमार तिवारी, विवेक तिवारी और सुमन— वहां पहुंचे और छात्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। एक गोली छात्र के सिर के पास से गुजर गई जबकि दूसरी गोली हॉस्टल की दीवार के पास लगी। यह सारी घटना पूर्व निष्कासित छात्र क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय के इशारों पर हुए है। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि हमलावरों द्वारा पहले भी धमकी दी जा चुकी थी। फिलहाल छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में कब तक आरोपियों पर कार्रवाई होती है।

