योगी सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश, 9.12 लाख करोड़ का प्रावधान

योगी आदित्यनाथ सरकार ने चुनाव से पहले अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पेश किया गया यह बजट 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए 43 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाओं की घोषणा की।सरकार ने इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिलाओं के कल्याण और इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी है। कुल बजट का 25 प्रतिशत हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए निर्धारित किया गया है, जबकि कृषि को 12 प्रतिशत, शिक्षा को 12.50 से 15 प्रतिशत और स्वास्थ्य क्षेत्र को 6 से 8 प्रतिशत आवंटन दिया गया है।

बेटियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये की सहायता

अब राज्य सरकार बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर देगी। इसके साथ ही 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।

मेडिकल, यूनिवर्सिटी और स्मार्ट सिटी पर जोर

प्रदेश में वर्तमान में 60 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 16 नए मेडिकल कॉलेज और खोले जाएंगे। इसके अलावा 3 नई यूनिवर्सिटीज की स्थापना का भी ऐलान किया गया है।केंद्र सरकार की तर्ज पर 7 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

छात्रों और युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं

मेधावी छात्रों को 400 करोड़ रुपये की लागत से स्कूटी वितरण किया जाएगा।फ्री टैबलेट और स्मार्टफोन योजना के लिए 2374 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण मिलेगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर बड़ा निवेश

सरकार ने 34 हजार करोड़ रुपये से नॉर्थ-ईस्ट कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की है, जो गोरखपुर से नेपाल बॉर्डर होते हुए सहारनपुर तक जाएगा।जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब 2 के बजाय 5 रनवे बनाए जाएंगे।मध्यम वर्ग को घर दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद नई रेजीडेंशियल स्कीम लॉन्च करेगी।

धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए बजट

अयोध्या और नैमिषारण्य के विकास के लिए 100-100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।मेरठ, मथुरा-वृंदावन और कानपुर विकास प्राधिकरण के लिए कुल 800 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

एआई और गोवंश संरक्षण के लिए भी प्रावधान

राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने के लिए 225 करोड़ रुपये दिए गए हैं।छुट्टा गोवंश के संरक्षण और रख-रखाव के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।यह योगी सरकार का 10वां बजट है, जिसमें विकास, रोजगार, शिक्षा और आधुनिक तकनीक को आगे बढ़ाने पर विशेष फोकस किया गया है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post