पीलीभीत जिले के थाना न्यूरिया क्षेत्र अंतर्गत महोफ वन रेंज में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला पर बाघ ने हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका का शव महोफ कॉलोनी से करीब 200 मीटर दूर जंगल में मिला।मृत महिला की पहचान महोफ कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय पारुल के रूप में हुई है। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी। महिला के पेट और गले का मांस गायब था और गले की हड्डी टूटी हुई पाई गई। शरीर पर खरोंच और संघर्ष के कई निशान भी मिले हैं। घटनास्थल के आसपास की झाड़ियां टूटी हुई थीं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला ने हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष किया था। आशंका है कि झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक हमला किया और जबड़े में दबोचकर महिला को जंगल की ओर घसीट ले गया।
महिला के पति सुकुमार राय ने बताया कि पारुल दोपहर जंगल में लकड़ी लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की और देर शाम पुलिस को सूचना दी। बुधवार सुबह बग्गा बीट क्षेत्र में ग्रामीणों ने जंगल के भीतर शव पड़ा देखा, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी वन्य जीव के हमले का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सुबह-शाम जंगल की ओर अकेले न जाने की हिदायत दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैकिंग का प्रयास किया जा रहा है।यह इलाका यूपी-उत्तराखंड सीमा के पास स्थित है और पहले भी मानव-बाघ संघर्ष के मामलों के लिए संवेदनशील रहा है। घटना के बाद महोफ कॉलोनी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बाघ की हलचल देखी जा रही थी।

.jpeg)