संपत्ति विवाद में जेठ पर जानलेवा हमला, तीन पर केस; कार्रवाई न होने का आरोप

भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित बिरदोपुर की गिरी नगर कॉलोनी में संपत्ति विवाद को लेकर जेठ पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना 9 मार्च की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।आरोप है कि काजल चन्दानी ने अपने पति संजय चन्दानी और बेटे लविश चन्दानी के साथ मिलकर अपने जेठ बलराम दास पर उस समय हमला कर दिया, जब वह सीढ़ियों से पहली मंजिल पर अपने कमरे की ओर जा रहे थे। तीनों ने उन्हें कमरे में खींचकर मारपीट की। पीड़ित पक्ष के अनुसार लविश के हाथ में लोहे की रॉड थी, जबकि संजय और काजल लात-घूंसों से हमला कर रहे थे। आरोप है कि लविश ने तकिया मुंह पर रखकर दबाने की भी कोशिश की।

शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने बलराम दास को बाहर निकालकर गंभीर हालत में कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि काजल चन्दानी करीब डेढ़ करोड़ रुपये और मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। मना करने पर धमकी दी जाती थी। मामले में भेलूपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, लेकिन अब तक कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post