क्षत्रिय स्वर्णकार युवक एवं महिला समाज, वाराणसी की ओर से पराड़कर स्मृति भवन में होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने एक-दूसरे को अबीर का टीका लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।समारोह का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण के स्वरूपों द्वारा खेली गई फूलों की होली रही, जिसने उपस्थित लोगों को भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। इसके साथ ही समाज के बच्चों ने विभिन्न रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान समाज के विशिष्ट जनों ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर क्षत्रिय स्वर्णकार महिला समाज की अध्यक्षा दिव्या सिंह ने महिला समाज का पुनर्गठन करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पदभार ग्रहण कराया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है और इसी दिशा में भविष्य में जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है।कार्यक्रम में संस्था के जिलाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद वर्मा, जिला महामंत्री श्यामणी सेठ, जिला कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, बिरेन्द्र सोनी, श्यामसुन्दर सिंह सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

