काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव जी का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव 9 मार्च (सोमवार) को श्री काल भैरव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर बाबा का मनमोहक एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।महोत्सव की जानकारी देते हुए पंडित सुमित उपाध्याय ने बताया कि दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त शाम 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से बाबा काल भैरव का गुणगान किया जाएगा।आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने तथा बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

