वाराणसी,। मिर्जामुराद क्षेत्र में नेशनल हाईवे‑19 पर काशीराज परिवार की कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अनंत नारायण सिंह, उनके परिवार के सदस्य और साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। हालांकि दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार काशीराज परिवार के सदस्य रामनगर स्थित किले से कार द्वारा प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंसकर करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर भी मौके पर जुट गए। बाद में पुलिस की निगरानी में वाहन को हटाकर आवागमन सुचारु किया गया।

